Search

October 17, 2026 9:27 pm

रेलवे मैदान में मां दुर्गा के जयकारों के बीच पूजा मंडप का उद्घाटन

डीसी-एसपी समेत न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना, पाकुड़ की सुख-समृद्धि की कामना

पाकुड़। रेलवे मैदान में शनिवार को मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रेलवे स्टेशन पाकुड़ की ओर से महाषष्ठी की संध्या देवी अधिवास के अवसर पर पूजा मंडप का भव्य उद्घाटन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए उद्घाटन समारोह में मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। पूजा मंडप का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सतीश चंद्र, समाजसेवी लुत्फल हक और दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के सहायक उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिले में शांति, सद्भाव, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

चुनरी ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान।

समारोह के दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने अतिथियों को माता की चुनरी ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। महाषष्ठी के अवसर पर पूजा मंडप के उद्घाटन के साथ ही रेलवे मैदान में दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ गई। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखा। लोगों ने पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की मंगलकामना की।

कई अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, जिला कोषागार पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, एसडीपीओ कुमार गौरव, बीडीओ-सह-अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, पूर्व रेलवे के सहायक अभियंता (बी) और पाकुड़ स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम सहित रेलवे के कई पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रवीण कुमार, नितेश कुमार, संतोष ठाकुर, अखिलेश कुमार चौबे, संजय कुमार ओझा, दया शंकर प्रसाद, कुमार विकास, नेहा भारती, कल्याणी कुमारी, पंकज यादव, नीरज ठाकुर, अजय माल, संतलाल मंडल, विनय कुमार, ओंकारनाथ ओझा, सनी कुमार और राणा शुक्ला सहित पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन हिसाबी राय ने किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!