Search

September 12, 2026 10:48 pm

उपासना मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, एफसी अवंतिका काकजोल ने जीता बिरसा मुंडा फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब

विजेता टीम को 1.20 लाख रुपए नकद पुरस्कार व ट्रॉफी से किया गया सम्मानित।

पाकुड़िया (पाकुड़)। खाक्सा में आयोजित बिरसा मुंडा फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में एफसी अवंतिका काकजोल (महेशपुर) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। बिरसा मुंडा किसान क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खेलप्रेमियों का खूब मनोरंजन किया। समापन समारोह में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने पर जोर दिया।
उपासना मरांडी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर मंच और अवसर देने की है। खेल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी सिखाता है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की। कहा कि मैदान पर आज की मेहनत ही कल गांव, प्रखंड, जिला और झारखंड का नाम रोशन कर सकती है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए झामुमो उनके साथ खड़ा रहेगा। फाइनल के बाद विजेता एफसी अवंतिका काकजोल की टीम को 1,20,000 रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी उपासना मरांडी ने प्रदान की। पुरस्कार मिलने के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। समारोह में जिला सह सचिव मुनीराम मरांडी, खाक्सा पंचायत की मुखिया ब्रेन टियूस हेंब्रम, बड़ा सिंहपुर पंचायत के मुखिया कालेश्वर हेंब्रम, झुनकी पंचायत के मुखिया बिनय सोरेन, समाजसेवी दिनेश मरांडी, ग्राम प्रधान स्टीफन हेंब्रम, मंजूर अंसारी, सिकंदर अली समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता और खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में बिरसा मुंडा किसान क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।

img 20260912 wa00733812414244989113074
img 20260912 wa00726342056413450186742

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!