Search

October 27, 2026 10:49 pm

डीसी मेघा भारद्वाज का पर्यटन और खेल पर फोकस, पाकुड़ की पहचान निखारने की तैयारी

दुर्गापुर डैम से रानी दिग्गी तक विकास की योजना, छह पर्यटन स्थलों के प्रस्ताव भेजे जाएंगे मंजूरी के लिए।

पाकुड़। जिले के पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पहल तेज करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और खेल संरचनाओं के निर्माण कार्यों को गति देने पर जोर दिया। बैठक में छह पर्यटन विकास प्रस्तावों को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने की तैयारी की गई। इनमें दुर्गापुर डैम में बोटिंग और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सुविधा, जटाधारी शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण, लीलातरी झरना में सीढ़ी और रेलिंग निर्माण, लंग्टामशान व भौंरीकोचा मंदिर में सुविधाओं का विस्तार तथा चटकम गर्म कुंड का सौंदर्यीकरण शामिल है।

रानी दिग्गी को आकर्षक बनाने की योजना।

उपायुक्त ने रानी दिग्गी तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। यहां फ्लोटिंग फाउंटेन, पैडल बोट, कयाक और घाट के सौंदर्यीकरण की योजना पर विचार किया गया। वहीं, हिरणपुर के धरनीपहाड़ में पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए थ्री-फेज बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीसी ने पर्यटन स्थलों के आसपास स्थानीय स्टॉल विकसित करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिले और लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों। पर्यटन स्थलों के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए स्थानीय समितियों के गठन की योजना भी बनाई गई है।

स्टेडियम निर्माण में तेजी लाने का निर्देश।

खेल सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने हिरणपुर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, छात्रावास निर्माण और इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। प्रशासन की इन पहलों का उद्देश्य जिले के पर्यटन स्थलों को सुविधायुक्त बनाना, स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर खेल अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!