हरे कृष्णा के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, भजन-कीर्तन में झूमे श्रद्धालु
पाकुड़। इस्कॉन मंदिर में शनिवार को राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। राधा अष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में भव्य आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हरे कृष्णा, हरे रामा’ के जयघोष से गूंज उठा। भक्ति गीतों और संकीर्तन पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भजन-कीर्तन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार राधा अष्टमी का पर्व भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। मान्यता है कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी के लगभग 15 दिन बाद आता है।








