Search

November 4, 2026 1:14 am

आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया औचक जांच अभियान, बिना लाइसेंस संचालित दो दुकानों पर लगाया गया आर्थिक जुर्माना

अक्षय कुमार

रामगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में औचक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह एवं डेरिक तिग्गा द्वारा नया मोड़, कुजू स्थित विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स एवं होटल गोविंद साव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रसगुल्ला, गुलाब जामुन एवं कलाकंद के नमूने संग्रहित कर खाद्य सुरक्षा जांच प्रयोगशाला भेजे गए, ताकि उनकी गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके। वहीं, बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने एवं हानिकारक रंगों के प्रयोग से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला गया।

IMG 20261103 WA0162
IMG 20261103 WA0164 1
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह एवं सहयोगी

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों द्वारा बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने, किसी भी परिस्थिति में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों का भंडारण एवं उपयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार का जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!