बोले सांसद- संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल, लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
रांची। दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होकर रांची लौटे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के सांसद विजय हांसदा ने भाजपा के खिलाफ तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना आज बड़ी चुनौती बन गई है। मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। विजय हांसदा ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित हुई है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाते हुए उनके पद पर बने रहने को लेकर आपत्ति जताई। सांसद ने कहा कि इंडिया गठबंधन इस मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उसकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। भाजपा के सड़क पर उतरने को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा। हांसदा ने इसे भाजपा की बौखलाहट करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली के माध्यम से इंडिया गठबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और वोट की ताकत से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विपक्ष जनता के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।






