युवाओं ने जेसीबी लगाकर भरे मैदान के गड्ढे, सफाई के बाद क्रिकेट पिच बनाने की भी तैयारी।
हिरणपुर (पाकुड़)। खेल मैदान की बदहाली देखकर शिकायत करने के बजाय हिरणपुर के युवाओं ने खुद ही उसकी तस्वीर बदलने की ठान ली। निजी खर्च और आपसी सहयोग से युवाओं ने हिरणपुर फुटबॉल स्टेडियम की साफ-सफाई कराई। मैदान में जगह-जगह बने गड्ढों को जेसीबी मशीन से भरवाया और बिखरे कचरे को हटाकर खेलने लायक बनाने की पहल की। युवाओं की इस पहल का मकसद सिर्फ मैदान की सफाई तक सीमित नहीं है। वे चाहते हैं कि हिरणपुर स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल केंद्र बने, जहां फुटबॉल के साथ अन्य खेलों का भी अभ्यास हो सके। इसी सोच के साथ मैदान में बेहतर सुविधाओं से युक्त क्रिकेट पिच तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही है। इससे क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों को भी अभ्यास का अवसर मिल सकेगा।
इस पहल में विकास रविदास, जितेंद्र दास, अमीरुल इस्लाम, आसिफ अंसारी, कुंदन रविदास, विक्की रविदास, सौरभ आर्य, कुंदन बागति और सामा रविदास सहित अन्य युवा सक्रिय रूप से जुटे हैं। युवाओं की इस पहल ने एक सकारात्मक संदेश दिया है कि बदलाव के लिए सिर्फ इंतजार नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास की जरूरत होती है। स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि उनकी यह पहल दूसरे लोगों को भी सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए आगे आने को प्रेरित करेगी।






