29-30 अक्टूबर को दो दिवसीय आयोजन, विधायक हेमलाल मुर्मू करेंगे उद्घाटन।
बंगाल के कलाकारों की जतरा और जाबाज इंडिया मैजिक का दिखेगा जादुई अंदाज
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। आस्था, परंपरा और मनोरंजन के अनूठे संगम के रूप में अमड़ापाड़ा का सार्वजनिक दुर्गापूजा सह लक्खी पूजा मेला 29 और 30 अक्टूबर को आयोजित होगा। मेले को लेकर हाट परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। साफ-सफाई से लेकर आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में समिति के सदस्य जुटे हैं। मेले को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
समिति के अध्यक्ष अमित भगत ने बताया कि 29 अक्टूबर को लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मेले का उद्घाटन करेंगे। दो दिनों तक पश्चिम बंगाल के कलाकारों की ओर से जतरा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, 29 अक्टूबर की शाम सात से रात दस बजे तक उत्तर प्रदेश की जाबाज इंडिया मैजिक टीम जादू के विशेष कार्यक्रम से लोगों का मनोरंजन करेगी।
इस मेले की खास पहचान धार्मिक परंपरा भी है। मेला संपन्न होने के बाद दुर्गा मंदिर में विराजमान मां दुर्गा और लक्खी मंदिर में स्थापित मां लक्खी की प्रतिमाओं को एक साथ नम आंखों से विदाई दी जाती है। यही परंपरा मेले को क्षेत्र के लोगों के लिए खास बनाती है। पूजा, लोक संस्कृति और मनोरंजन के मेल से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।







