Search

October 16, 2026 10:49 pm

108 कन्याओं की कलश यात्रा से भक्तिमय हुआ तालपहाड़ी, जयकारों से गूंजा गांव

लगातार चौथे वर्ष हो रहा दुर्गापूजा का आयोजन, षष्ठी पर बेलवरण और भव्य आरती में उमड़े श्रद्धालु।

लिट्टीपाड़ा। मां दुर्गा की आराधना और आस्था के बीच शुक्रवार को तालपहाड़ी गांव भक्तिमय हो उठा। दुर्गापूजा के अवसर पर षष्ठी तिथि को 108 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मां दुर्गा के जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा गांव गूंज उठा। तालपहाड़ी में लगातार चौथे वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा दुर्गापूजा पंडाल से शुरू होकर डुमरिया पोखरा पहुंची। यहां विधि-विधान से जल भरने के बाद कन्याएं साहा टोला होते हुए पंडित टोला पहुंचीं और मोती पंडित के घर तक गईं। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस पूजा पंडाल पहुंची। पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बना।
ब्राह्मण जगदीश पंडित के मार्गदर्शन में षष्ठी तिथि के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान बेलवरण की विधि पूरी की गई। शाम को पूजा पंडाल में भव्य आरती हुई। दीपों की रोशनी और मां दुर्गा की आराधना से वातावरण आध्यात्मिक हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश झुकाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक बनी पूजा

तालपहाड़ी में चौथे वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन ग्रामीणों की सामूहिक आस्था और धार्मिक परंपरा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। पूजा को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। कलश यात्रा से लेकर शाम की आरती तक श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!