Search

May 19, 2026 9:55 pm

पॉलिटेक्निक बना तकनीकी शिक्षा का उभरता हब, नई शाखाएं शुरू—प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन।

पाकुड़। झारखंड सरकार द्वारा स्थापित पाकुड़ पॉलिटेक्निक संस्थान संथाल परगना क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, अनुभवी संकाय, उन्नत प्रयोगशालाएं और रोजगारपरक प्रशिक्षण के कारण संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक कौशल भी सिखाए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संस्थान में डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की शुरुआत की गई है। पहले से संचालित मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, माइनिंग और मेटलर्जी शाखाओं के साथ अब विकल्प और विस्तृत हो गए हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और सिविल शाखाओं में सीटें 60 से बढ़ाकर 90 कर दी गई हैं। इसके अलावा कामकाजी युवाओं के लिए डिप्लोमा इन वर्किंग प्रोफेशनल कार्यक्रम भी शुरू किया गया है।संस्थान में छात्रों को AutoCAD, CNC, MATLAB, PLC, SCADA, Revit, Java और Python जैसे आधुनिक सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नियमित रूप से सेमिनार, कार्यशालाएं और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे दूरदराज के विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है।
प्लेसमेंट के मामले में भी संस्थान का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। इस वर्ष अब तक 17 कंपनियों में छात्रों का चयन हो चुका है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग का प्लेसमेंट रिकॉर्ड 100 प्रतिशत रहा है, जबकि अन्य शाखाओं में यह आंकड़ा 85 से 90 प्रतिशत के बीच है। विद्यार्थियों को 1.86 लाख से 2.28 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज प्राप्त हुए हैं।
छात्रों का चयन जानी-मानी कंपनियों जैसे JBM Group, TATAEV, Motherson India, Cummins India, Adani Resources, JSW Bhushan Steel Ltd और Shobha Ltd सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है। संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव ने कहा कि उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में और नई तकनीकी सुविधाएं एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। संस्थान प्रशासन द्वारा 19 मई 2026 को सुबह 11 बजे परिसर में मीडिया संवाद एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!