पाकुड़िया (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के तिरपितिया नदी किनारे स्थित पत्थरडांगा श्मशान घाट के समीप सोमवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पाकुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पत्थरडांगा गांव निवासी श्रवण गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, श्रवण गुप्ता का शव एक पेड़ के नीचे खुले बदन पेट के बल लेटी अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं।जानकारी के अनुसार, श्रवण गुप्ता विभिन्न हाट-बाजारों में फुटपाथ पर रेडीमेड कपड़ों की बिक्री कर अपना जीवनयापन करता था। शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।






