डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, शिविर में ही आवेदन से लेकर सत्यापन तक की होगी प्रक्रिया पूरी।
पाकुड़: सरकारी प्रमाण-पत्रों के लिए अब लोगों को अंचल कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए 15 से 17 जून तक जिले के सभी अंचलों की पंचायतों में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर लगाने का निर्णय लिया है। शिविर में जाति, आय और स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र के आवेदन लिए जाएंगे और जांच-सत्यापन के बाद समय पर निष्पादन किया जाएगा। इसको लेकर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि जाति, आय और स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र झारखंड सेवा देने की गारंटी अधिनियम के तहत मिलने वाली महत्वपूर्ण सेवाएं हैं। इन प्रमाण-पत्रों के लिए लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए शिविर के माध्यम से आवेदन लेने से लेकर जांच और सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि मुखिया, पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवक और स्थानीय कर्मियों के माध्यम से गांव-गांव में इसकी जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि जिन लोगों के प्रमाण-पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं, वे शिविर में पहुंचकर आवेदन कर सकें। शिविर स्थल पर पर्याप्त कर्मियों, संसाधनों और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को कहा गया है कि आवेदन प्राप्त होते ही दस्तावेजों की जांच और स्थानीय सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। कोशिश रहे कि अधिकतम प्रमाण-पत्र शिविर स्थल से ही तैयार कर लाभुकों को उपलब्ध करा दिए जाएं। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों को अभियान के दौरान जारी प्रमाण-पत्रों और लाभुकों की संख्या से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस विशेष अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को सरकारी सुविधा का लाभ समय पर मिल सके।
Related Posts

रोशन पाथवे टू डिग्निटी फाउंडेशन, रामगढ़ द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन





