Search

July 6, 2026 10:27 pm

बारिश का पानी बना हादसे की वजह, गड्ढे में पलटा यात्रियों से भरा टोटो।

पाकुड़। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव अब हादसों की वजह बनने लगा है। रविवार को मुख्य मार्ग पर बारिश का पानी जमा होने से यात्रियों से भरा एक टोटो सड़क पर बने गहरे गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पानी भरा होने के कारण चालक को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही टोटो गड्ढे में पहुंचा, वह असंतुलित होकर पलट गया। टोटो में सवार महिला, पुरुष और बच्चे सड़क पर भरे गंदे पानी में गिर पड़े। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल टोटो को सीधा कराया और दुर्घटना स्थल के पास बैरियर लगाकर आवागमन को सुरक्षित कराया, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर की कई सड़कों पर जलभराव और गहरे गड्ढे लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से जलजमाव वाले स्थानों की तत्काल मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!