पाकुड़। बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड एवं जिला प्रशासन पाकुड़ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित शिक्षण संस्थान एंडेवर एकेडमी में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए रविवार को निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर से सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शामिल होकर अपनी परीक्षा तैयारी और समय प्रबंधन को परखा। एंडेवर एकेडमी के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक टेस्ट JTET के नवीनतम पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न पर आधारित था। निदेशक ने बताया कि परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह है, लेकिन सही मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के अभाव में कई विद्यार्थी अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से नहीं परख पाते हैं। इसी उद्देश्य से आगामी JTET परीक्षा तक प्रत्येक रविवार को निःशुल्क मॉक टेस्ट आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। मॉक टेस्ट के बाद विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों के उत्तरों की समीक्षा की गई तथा डाउट क्लीयरेंस सेशन के माध्यम से उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। अभ्यर्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित मॉक टेस्ट से उन्हें अपनी कमजोरियों को पहचानने, प्रश्न हल करने की गति बढ़ाने और परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन में काफी मदद मिल रही है। संस्थान की ओर से बताया गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना एंडेवर एकेडमी का प्रमुख उद्देश्य है। पिछले तीन वर्षों से संचालित संस्थान से प्रत्येक वर्ष दर्जनों छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है। कार्यक्रम में संस्था के प्रिंस प्रकाश, प्रेम प्रताप सिंह, उदय कुमार, नीरज कुमार राउत सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।








