Search

October 8, 2026 8:47 pm

रेलवे में सुविधाओं की कमी पर यूनियन मुखर, महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र

दो साल से लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन।

पाकुड़। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के पाकुड़ आगमन पर ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन की पाकुड़ शाखा ने रेल कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। शाखा अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक का स्वागत कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
यूनियन ने नलहटी से गुमानी तक नए रेलवे क्वार्टर बनाने, पैनल रूम व सुपरवाइजर कार्यालयों में एसी लगाने, पाकुड़ में कम्युनिटी हॉल व जिम की सुविधा देने तथा रेलवे डिस्पेंसरी को हेल्थ यूनिट के रूप में शुरू करने की मांग की। पाकुड़ व राजग्राम की कोल और स्टोन साइडिंग में कार्यरत कर्मचारियों को कोल पायलट भत्ता देने और रेलवे कॉलोनी व स्टेशन परिसर में पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग भी रखी गई।
शाखा सचिव संजय कुमार ओझा ने कहा कि इनमें कई मांगें दो वर्ष से लंबित हैं। महाप्रबंधक ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए अविलंब आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी कराने के लिए यूनियन आगे भी प्रयास जारी रखेगी। मौके पर मंडल रेल प्रबंधक हावड़ा विशाल कपूर समेत मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, शाखा कोषाध्यक्ष अमर कुमार मल्होत्रा और शाखा सभासद कुमार विकास मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!