Search

July 7, 2026 3:09 am

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी की जिला एवं महेशपुर मंडल इकाई की ओर से सोमवार को भारत केशरी एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पाकुड़ में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, वहीं महेशपुर में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पाकुड़ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्केट कॉम्प्लेक्स में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद अर्पणा मार्केट परिसर में जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर देश की एकता एवं अखंडता के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि डॉ. मुखर्जी महान शिक्षाविद, दूरदर्शी राजनेता और प्रखर राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने कहा कि स्वतंत्र भारत की पहली केंद्रीय मंत्रिपरिषद में उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में उन्होंने देश की औद्योगिक नीति तैयार करने तथा चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि पूर्वी पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे पर नेहरू-लियाकत समझौते का विरोध करते हुए डॉ. मुखर्जी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दिया और बाद में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर वैकल्पिक राजनीतिक विचारधारा की नींव रखी। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह और अमृत पांडेय ने जम्मू-कश्मीर में अलग व्यवस्था के विरोध में उनके आंदोलन और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे” के नारे को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आगे चलकर धारा 370 हटाने की मजबूत आधारशिला बना। इधर, महेशपुर धर्मशाला में भाजपा महेशपुर मंडल की ओर से आयोजित जयंती समारोह में डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों, जनसेवा और अखंड भारत के प्रति समर्पण को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष जोनास टुडू, शंकर भगत, मनोज सिंह, विधान यादव, सोनू ठाकुर, काजल दास, विवेक गुप्ता, सौरव तिवारी, पुलोक घोष, संदीप रविदास, प्रसन्नजीत माल, आशीष सिंह, हिसाबी राय, साधन ठाकुर, सुमित्रा मरांडी, दीपक साह, आशीष सोरेन, सुशांत घोष, सुरेश मंडल, कर्ण मंडल, सुशील साहा, मनीष राज चौबे, सम्पा साहा, पार्वती देवी, अनिता मरांडी, पिंकी मंडल, प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, बृजमोहन चौबे, पंकज साह, प्रशांत हेंब्रम, मोहन मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

img 20260706 wa00382845810956522881127
img 20260706 wa00403885354346133078934

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!