Search

July 23, 2026 8:43 pm

23 से 25 जुलाई तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान, छूटे पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने के लिए लगेंगे विशेष कैंप

डीसी ने बूथों का निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों की जानी हकीकत, कहा-एक भी पात्र मतदाता नहीं रहेगा सूची से बाहर।

पाकुड़। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए बीएलओ और बीएलए-2 को पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने मध्य विद्यालय नरोत्तमपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 214 व 215, मध्य विद्यालय वल्लभपुर स्थित केंद्र संख्या 434 व 435 तथा कीताझोर के केंद्र संख्या 398, 399 व 400 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ-बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला में भाग लेकर बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने एएसडीडी सूची, लंबित प्रपत्रों और घर-घर सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनका प्रपत्र भरवाकर जमा कराया जाए। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का सत्यापन अब तक नहीं हो सका है अथवा जो बीएलओ और बीएलए-2 के स्तर पर भी ट्रेस नहीं हो पा रहे हैं, उनके लिए 23 से 25 जुलाई तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ऐसे मतदाताओं की जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक प्रपत्र भी प्राप्त किए जाएंगे। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि एक भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है। एसआईआर अभियान में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखना सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ और बीएलए-2 की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का सहयोग भी इस अभियान की सफलता के लिए जरूरी है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों और प्रपत्रों का अवलोकन किया तथा सभी लंबित मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

img 20260722 wa0021283947498286010755
img 20260722 wa00153473625495470875548
img 20260722 wa00182286931847770078963

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!