ई-पॉस मशीन, बोरे के वजन और अतिरिक्त रजिस्टर के बोझ का मुद्दा उठा; सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर जताया शोक।
पाकुड़। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की झारखंड राज्य इकाई के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय रविंद्र भवन टाउन हॉल में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद, केंद्रीय महासचिव एवं प्रदेश महासचिव समेत प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों ने डीलरों की समस्याएं सुनीं और संगठन की एकजुटता के साथ अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। सम्मेलन में पुरानी जिला कमेटी को भंग कर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। एजुल हक को जिला अध्यक्ष, आबेदिन अंसारी को जिला महासचिव, सुनील कुमार भगत और सुहासिनी सोरेन को उपाध्यक्ष, मो. जाकीर को सचिव, देव प्रसाद दत्त व कुतुबुद्दीन शेख को सह-सचिव तथा शंभू प्रसाद को संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया। डीलरों ने सम्मेलन में ई-पॉस मशीन खराब होने पर अपनी जेब से मरम्मत कराने, खाद्यान्न के बोरे के वजन में अंतर तथा ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद अतिरिक्त रजिस्टरों के रखरखाव जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विक्रेताओं ने कहा कि सरकार की अधिकांश प्रक्रियाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं, ऐसे में अनावश्यक कागजी कार्य और रजिस्टरों का बोझ खत्म किया जाना चाहिए। सम्मेलन के दौरान संघ के दिवंगत सदस्य ओंकार नाथ झा के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नंदू प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बंसल सहित उपस्थित पदाधिकारियों और डीलरों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती से आवाज उठाएगा। दिल्ली से रांची तक संगठन लगातार संघर्षरत है और विक्रेताओं के अधिकारों की लड़ाई को आगे भी एकजुट होकर जारी रखा जाएगा।






