अक्षय कुमार
रामगढ़। राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वाधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेन्टर, रामगढ़ द्वारा “दत्तोपंत ठेंगडी रोजगार योजना” के तहत एक दिवसीय रोजगार मेला 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला दिनांक 10 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक छावनी परिषद फुटबॉल मैदान, रामगढ़ में आयोजित होगा।
19 निजी नियोजकों की रहेगी उपस्थिति
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 19 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लेने की सहमति दी है। इनमें मुख्य रूप से-
पैरालैक्स होंडा, जेआईएस फाउंडेशन, निसिथ मेगा स्किल सेंटर, सिटी स्टाइल, फ्लिपकार्ट, जेपी हुंडई, एलआईसी ऑफ इंडिया, वी-मार्ट एवं अन्य स्थानीय संस्थान।
एथर एनर्जी (तमिलनाडु), ब्लिंकिट, प्रेम्संस बजाज, एनटीटीएफ (चेन्नई), राजराय सिक्योरिटी (पटना) आदि बाहरी नियोजक भी शामिल हैं।

तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों पर होगी भर्ती
मेले में 5वीं व 10वीं पास से लेकर स्नातक, बी.टेक, एमबीए, जीएनएम/बी.एससी तथा आईटीआई/डिप्लोमा धारकों के लिए तकनीशियन, फील्ड एग्जीक्यूटिव, आईटी ट्रैनर, डिलीवरी एजेंट, सुरक्षा गार्ड, सेल्स कंसलटेंट, डेटा ऑपरेटर, टेलरिंग व नर्सिंग ट्रेनर जैसे दर्जनों पदों पर योग्यतानुसार अवसर उपलब्ध रहेंगे।
उम्मीदवारों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश-
निबंधन अनिवार्य: रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में निबंधित (Registered) होना अनिवार्य है।
आवश्यक दस्तावेज: इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर अपने बायोडाटा (Resume), नियोजनालय निबंधन कार्ड (Registration Card) तथा सभी शैक्षणिक व प्रासंगिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति के साथ मेले में उपस्थित हों।
मेले वाले दिन नहीं होगा निबंधन: अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अपना निबंधन पहले से करा लें, क्योंकि रोजगार मेले के दिन आयोजन स्थल या स्थानीय नियोजनालय में निबंधन का कार्य नहीं किया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी, रामगढ़ धनंजय कुमार ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता (Facilitator) के रूप में होगी तथा चयन प्रक्रिया पूरी तरह से संबंधित नियोजकों के साक्षात्कार/जांच नियमों के अनुसार संचालित होगी।





