जिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस की बैठक में एसआईआर पर विशेष चर्चा, नए पदाधिकारियों को सौंपे गए जिम्मेदारी के प्रमाण पत्र।
पाकुड़। मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं कटे, इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची की जांच करेंगे। साथ ही संगठन को पंचायत, प्रखंड और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को पाकुड़ कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी और जिला युवा कांग्रेस की अलग-अलग बैठकों में संगठन विस्तार के साथ इन मुद्दों पर रणनीति बनाई गई।
जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष कुमार सरकार की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने और SIR प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करने तथा जरूरतमंद मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न पदों पर मनोनीत पदाधिकारियों को उनके मनोनयन से संबंधित शपथ प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संगठन के लिए काम करने की अपील की। वहीं, जिला युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक जिलाध्यक्ष बेलाल शेख की अध्यक्षता में हुई। इसमें युवाओं को पार्टी से जोड़ने, पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने तथा आगामी जनहित कार्यक्रमों को सफल बनाने पर चर्चा की गई। बेलाल शेख ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में युवा प्रखंड अध्यक्ष नसीम शेख, जिला उपाध्यक्ष जलालुद्दीन शेख, जिला सोशल मीडिया प्रभारी परवेज शेख सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।







