30 नवंबर तक बीएलओ को आवेदन की रसीद सौंपने की अपील, पश्चिम बंगाल में शादी कर पाकुड़ में रह रहीं महिलाओं पर भी विशेष जोर।
पाकुड़। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान आवश्यक प्रमाण पत्रों को लेकर नागरिकों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पश्चिम बंगाल समेत दूसरे राज्यों में जाति, निवास या अन्य जरूरी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले जिले के लोगों से आवेदन की पावती 30 नवंबर तक संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है।
उपायुक्त ने इस मामले में विशेष रूप से उन महिलाओं का ध्यान आकृष्ट कराया है, जिनकी शादी पश्चिम बंगाल अथवा दूसरे राज्यों में हुई है और अब वे पाकुड़ जिले में रह रही हैं। यदि उन्होंने अपने पूर्ववर्ती राज्य में किसी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, तो उसकी पावती की प्रति बीएलओ को देना जरूरी है।
डीसी ने स्पष्ट किया कि आवेदकों से प्राप्त पावती के आधार पर जिला प्रशासन संबंधित राज्यों के प्रशासन से संपर्क और समन्वय स्थापित करेगा। इसका उद्देश्य लंबित प्रमाण पत्रों के निर्गमन की प्रक्रिया में तेजी लाना है, ताकि एसआईआर के दौरान जरूरी दस्तावेज हासिल करने के लिए लोगों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया 22 दिसंबर 2026 तक चलेगी। ऐसे में संबंधित आवेदक 30 नवंबर तक अपने आवेदन की पावती बीएलओ को सौंप दें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि समय रहते दूसरे राज्यों से समन्वय कर प्रमाण पत्र जारी कराने में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।






