Search

November 23, 2026 8:10 pm

लेटेस्ट न्यूज़

वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, 15 दिसंबर से घर बैठे बुक कर सकेंगे खाद।

रबी कर्मशाला में डीसी मेघा भारद्वाज ने किसानों को आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण अपनाने की दी सलाह, 600 से अधिक किसान हुए शामिल।

पाकुड़। किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए अब पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण पर जोर दिया जाएगा। सोमवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित खेत बचाओ अभियान सह जिला स्तरीय रबी कर्मशाला में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धान-गेहूं के साथ दलहन, तिलहन, सब्जी और मोटे अनाज की खेती से आमदनी के नए रास्ते खुलेंगे। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फसल बीमा कराना भी जरूरी है। कर्मशाला में किसानों को एक बड़ी सुविधा की जानकारी दी गई। जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 15 दिसंबर से जिले में खाद वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होगी। इसके तहत किसान घर बैठे खाद की बुकिंग कर सकेंगे और बुकिंग के बाद तीन दिनों तक खाद उनके लिए आरक्षित रहेगी। जिले में मृदा परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। पिछले वर्ष जांचे गए करीब आठ हजार मिट्टी के नमूनों में छह हजार में विभिन्न समस्याएं मिली थीं। मिट्टी की अम्लीयता दूर करने के लिए 303 हेक्टेयर में डोलोमाइट वितरण की योजना बनाई गई है।
उपायुक्त ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में फसल बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। वहीं जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो ने बताया कि रबी फसलों का बीमा एक रुपये के टोकन शुल्क पर कराया जा सकता है। गेहूं, चना, सरसों और आलू सहित अधिसूचित फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक सीएससी केंद्रों पर कराया जा सकेगा। प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान होने पर किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज करा सकते हैं। जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणी हेम्ब्रम ने सरसों, मसूर और चना की खेती को बढ़ावा देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत ने प्रखंड स्तर पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पशुपालन और मत्स्य पालन को किसानों की आय का अतिरिक्त जरिया बनाने का सुझाव दिया।

किसानों को बांटे गए कृषि उपकरण और अनुदान।

कर्मशाला में विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को लाभान्वित किया गया। किसान समृद्धि योजना के तहत 10 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट दिए गए। छह फसल रक्षकों को नियुक्ति पत्र और 11 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए। तीन किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर कीट रहित सब्जी उत्पादन इकाई मिली। मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन किट और पिकअप वैन तथा भूमि संरक्षण विभाग ने ट्रैक्टर और कृषि यंत्र वितरित किए। सर्वाधिक सर्वेक्षण करने वाले तीन किसानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में 600 से अधिक किसानों ने भाग लिया।

IMG 20261123 WA0041
IMG 20261123 WA0042
IMG 20261123 WA0040
IMG 20261123 WA0039

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!