पाकुड़। कलिकापुर में रियल लाइफ फाउंडेशन के नए शाखा कार्यालय का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर संस्था की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दंत चिकित्सा और होम्योपैथिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर में दांतों की जांच के साथ दांत दर्द, मसूड़ों की समस्या तथा मुंह और दांतों की देखभाल से संबंधित परामर्श दिया गया। पटना से पहुंचे दंत चिकित्सक कमलेश प्रसाद ने मरीजों की जांच की। वहीं होम्योपैथिक चिकित्सकों ने सर्दी-खांसी, त्वचा संबंधी समस्या, गैस, एसिडिटी, पेट दर्द सहित विभिन्न सामान्य रोगों की जांच कर उपचार संबंधी सलाह दी। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। संस्था के कार्यकारी सदस्य भरत प्रमाणिक ने बताया कि शाखा कार्यालय शुरू करने का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों तक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिविर में जांच और दवाइयों के लिए किसी भी मरीज से शुल्क नहीं लिया गया। संस्था के अध्यक्ष एमडी शारीफुल हक ने बताया कि रियल लाइफ फाउंडेशन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही है। संयुक्त सचिव नरगिस ने बताया कि संस्था का मुख्य कार्यालय मुर्शिदाबाद के चांदपुर में है। संस्था की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा रक्तदान शिविर, पौधा वितरण तथा गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसे सामाजिक कार्य भी किए जाते हैं। शिविर के दौरान बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों समेत विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श लिया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।









