Search

August 22, 2026 1:37 am

22-23 अगस्त को सभी बूथों पर विशेष शिविर, 24 से मैपिंग मामलों की सुनवाई।

पाकुड़। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 22 और 23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR-2026 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि शिविर में Form-6 और Form-8 से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदाताओं को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शिविर में पहुंचने के लिए भी जागरूक किया जाए, ताकि नाम जोड़ने और विवरण में सुधार का काम एक साथ हो सके। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों का सैंपल निरीक्षण कर जमीनी स्थिति और कार्य की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया।
24 अगस्त से मैपिंग मामलों की सुनवाई: SIR के दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है या मैपिंग/मैचिंग में विसंगति है, उनके मामलों की सुनवाई 24 अगस्त से शुरू होगी। संबंधित मतदाताओं से पहचान संबंधी जानकारी के साथ माता-पिता, दादा-दादी या अन्य पूर्वजों से जुड़ी मैपिंग की जानकारी, जन्म स्थान और जन्म वर्ष समेत जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की अपील की गई है। निर्धारित 11 दस्तावेजों में उपलब्ध वैध दस्तावेजों के आधार पर मामलों का सत्यापन किया जाएगा। अपरिहार्य कारणों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वालों को नियमानुसार दूसरा अवसर भी मिलेगा। लोगों की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में सुनवाई वाले मामलों को देखते हुए पंचायत भवन समेत अन्य सरकारी भवनों में स्थानीय स्तर पर सुनवाई स्थल बनाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से भी विशेष शिविरों और सुनवाई प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!