Search

August 22, 2026 11:46 pm

जनसंवाद में विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

पाकुड़िया : महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने मंगलवार को पाकुड़िया प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जटांग खाक्सा, दोमुहनी, सुजानपाड़ा, पलियादहा सहित कई क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। पलियादहा गांव में ग्रामीणों ने पानी टंकी निर्माण के लिए बोरिंग की समस्या विधायक के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और समस्या का शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा।
इस दौरान विधायक ने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से ही वे विधायक बने हैं। इसलिए क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लाभुकों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वे लगातार गांवों का भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं खुलकर रखने की अपील करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर नेगार अंसारी, लालबाबू शेख, मंटू भगत, इसहाक अंसारी, कुद्दूस अंसारी, नरेश मरांडी, हाफजुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!