Search

August 28, 2026 12:09 am

राखी के धागे से जुड़ा थाना और स्कूल, छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

पाकुड़िया। रक्षाबंधन पर गुरुवार को पाकुड़िया में भाई-बहन के रिश्ते से आगे बढ़कर सुरक्षा और भरोसे का संदेश देखने को मिला। एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, राजबाड़ी की छात्राओं ने थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी, वहीं उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर में करीब 400 भैया-बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर भारतीय संस्कृति और संस्कारों का संदेश दिया। थाना परिसर में कक्षा छह से नौ तक की छात्राओं ने थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया, आरती उतारी और रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं के इस स्नेह से पुलिसकर्मी भी भावुक नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को मिठाई खिलाकर उपहार दिए और उनकी सुरक्षा व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि पुलिस समाज की सुरक्षा के साथ बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास व अपनापन मजबूत करते हैं। इधर, उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर में दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और भाइयों ने उनकी रक्षा, सम्मान व सहयोग का संकल्प लिया। आचार्य लखिन्द्र पाल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, संस्कार, सहयोग और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

img 20260827 wa00185534420640480648756
img 20260827 wa00195504554010117832858

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!