Search

August 29, 2026 9:50 pm

जर्जर सड़कों का मुद्दा बाबूलाल के समक्ष उठाया, राहुल मिश्रा ने की जल्द पहल की मांग।

इकबाल हुसैन

महेशपुर। महेशपुर प्रखंड की जर्जर सड़कों को लेकर भाजपा महेशपुर मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा ने झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की सड़क समेत विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया और इनके समाधान के लिए शीघ्र पहल करने का आग्रह किया। राहुल मिश्रा ने कुलबुना से लखीपुर तथा कालिदासपुर से अमलादही तक की जर्जर सड़क का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। ग्रामीणों के अलावा विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने महेशपुर बाजार की विभिन्न सड़कों की बदहाल स्थिति से भी नेता प्रतिपक्ष को अवगत कराया। राहुल मिश्रा ने कहा कि बाजार की सड़कें व्यापार और आम लोगों के आवागमन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण हैं। सड़कें जर्जर होने से लोगों को परेशानी के साथ ही स्थानीय व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
राहुल मिश्रा ने कहा कि सड़कें क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का आवागमन सुगम होगा। उन्होंने जनहित को देखते हुए संबंधित सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए जल्द आवश्यक पहल करने की मांग की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!