Search

October 15, 2026 11:40 pm

महाषष्ठी पर शुक्रवार को खुलेंगे मां दुर्गा के पट, 29 से अधिक पंडालों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

सद्भावना क्लब का प्राकृतिक थीम वाला पंडाल बना आकर्षण, बंगाल के कारीगरों ने दिखाई कला।

पाकुड़। शारदीय नवरात्र को लेकर पाकुड़ शहर में उत्सव का माहौल है। शुक्रवार को महाषष्ठी के अवसर पर मां दुर्गा के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही शहर के पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगेगी। दुर्गोत्सव को लेकर पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में 29 से अधिक स्थानों पर भव्य पंडाल बनाए गए हैं। इनमें शिव शक्ति क्लब राजापाड़ा, सद्भावना क्लब रेलवे कॉलोनी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्लब मुर्कीमतला, तातीपाड़ा दुर्गा पूजा समिति, भारत सेवा आश्रम दुर्गा पूजा समिति, रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति और सरस्वती पुस्तकालय सहित अन्य पूजा समितियां शामिल हैं।

प्राकृतिक थीम वाला पंडाल बना आकर्षण।

इस बार सद्भावना क्लब का पंडाल खास आकर्षण का केंद्र है। यहां हरे रंग और प्राकृतिक परिवेश पर आधारित थीम के जरिए पेड़-पौधों और प्रकृति का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया गया है। वहीं, राजापाड़ा, रेलवे कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर बंगाल के कारीगरों की मदद से बांस और विभिन्न कलात्मक सामग्रियों से आकर्षक पंडाल तैयार किए गए हैं। पंडालों की सजावट और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रशासन की नजर।

दुर्गापूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, रोशनी, भीड़ नियंत्रण और साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। पूजा समितियां भी आयोजन को सफल बनाने में जुटी हैं। महाषष्ठी से शुरू होने वाले दर्शन के साथ शहर में दुर्गोत्सव की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

IMG 20261015 WA0040
IMG 20261015 WA0041 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!