अक्षय कुमार
रामगढ़। उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) शाखा एवं जिला योजना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रगति की जानकारी ली। उपायुक्त ने डीएमएफटी शाखा में जिले में डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की स्वीकृति, क्रियान्वयन, प्रगति एवं पूर्ण योजनाओं से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद का उपयोग जिले के जरूरतमंद क्षेत्रों एवं जनसरोकार से जुड़ी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ढंग से किया जाए। जिला योजना कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित फाइलों, अभिलेखों एवं प्रगति प्रतिवेदनों की जांच की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ऋतुराज ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यालयों में कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। आमजनों से जुड़े कार्यों एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में स्वच्छता, कार्य संस्कृति एवं अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।





