पाकुड़। पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत CEIR पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए 34 मोबाइल बरामद किए हैं। गुरुवार को दिशा की बैठक के दौरान सांसद विजय हांसदा, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू, विधायक निसात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह ने मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े हैं। इनमें नगर थाना के 6, मालपहाड़ी ओपी के 6, पाकुड़िया के 5, मुफस्सिल के 4, महेशपुर व हिरणपुर के 3-3, लिट्टीपाड़ा व अमड़ापाड़ा के 2-2 तथा रद्दीपुर ओपी के 2 और सिमलौंग ओपी का एक मोबाइल शामिल है। CEIR पोर्टल बना पुलिस का हथियार: भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI को ब्लॉक कर देशभर के नेटवर्क पर उसकी पहचान और ट्रैकिंग में मदद ली जाती है। इससे पहले 1 अगस्त को भी पाकुड़ पुलिस ने 28 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए थे। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए अन्य मोबाइलों की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।









