नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामसभा की कार्यप्रणाली, बाल विवाह व ड्रॉपआउट जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा
पाकुड़िया। पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया में सोमवार को मॉडल यूथ ग्रामसभा (एमवाईजीएस) का आयोजन नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रोल-प्ले के जरिए ग्रामसभा की कार्यप्रणाली, जनप्रतिनिधियों की भूमिका, स्थानीय समस्याओं पर चर्चा और सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने शिक्षा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट, बाल विवाह सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों को ग्रामसभा के समक्ष उठाया और उनके समाधान पर चर्चा की। छात्राओं ने आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद के साथ अपनी भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए लोकतांत्रिक सहभागिता और स्थानीय स्वशासन की समझ का परिचय दिया। कार्यक्रम में अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों की सहभागिता ने आयोजन को और प्रभावी बनाया। अंत में छात्राओं ने शिक्षा को बढ़ावा देने, बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गांव और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
मौके पर बीपीओ बिरनाल सोरेन, बीआरपी, पाकुड़िया पंचायत की मुखिया अनिता सोरेन, हृदयानंद भगत, पिरामल फाउंडेशन की मीना ठाकुर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं समुदाय के सदस्य उपस्थित थे।






