हिरणपुर (पाकुड़)। शिक्षक दिवस पर बच्चों को पढ़ाने विद्यालय जा रहे प्राथमिक विद्यालय प्योरसोल के शिक्षक फ्रांसिस हांसदा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, चिकित्सकों द्वारा तत्काल रक्त चढ़ाने की जरूरत बताए जाने के बाद परिजन रक्त की व्यवस्था के लिए परेशान हैं। परिजनों के अनुसार, फ्रांसिस हांसदा पहले से अस्वस्थ चल रहे थे। इसके बावजूद शिक्षक दिवस पर वह अपने कर्तव्य का निर्वहन करने विद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। बताया गया कि उनका हीमोग्लोबिन स्तर घटकर 3.5 ग्राम/डेसीलीटर रह गया है। चिकित्सकों ने तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई है। परिजनों का कहना है कि ब्लड बैंक में आवश्यक रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें रक्त की व्यवस्था करने में काफी परेशानी हो रही है। शिक्षक दिवस के मौके पर सामने आई यह घटना बेहद मार्मिक है। जिस शिक्षक ने अपनी खराब तबीयत के बावजूद बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी निभाने के लिए विद्यालय की राह पकड़ी, वही शिक्षक अब अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
परिजनों ने रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से आगे आकर रक्तदान कर मदद करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी गंभीर मरीज के लिए तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।






