हिरणपुर। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने हिरणपुर अंचल के रानीपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चेकपोस्ट के समीप पेट्रोल पंप के सामने स्टोन चिप्स लदा एक हाईवा पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खनन विभाग ने हाईवा को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए हिरणपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






