अक्षय कुमार
बेरमो। झारखंड सरकार द्वारा संचालित जे.एस.एम. इंटर कॉलेज, बेरमो, क्षेत्र का एकमात्र महिला महाविद्यालय है, जहाँ छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिलता रहा है। लेकिन पिछले वर्ष से अनुदानित महाविद्यालयों के लिए पोर्टल नहीं खुलने के कारण छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और महिला शिक्षा को बढ़ावा देने वाली इस महत्वपूर्ण योजना को पुनः लागू कराने की मांग को लेकर शिक्षक दिवस के अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने शिक्षक दिवस का पारंपरिक आयोजन न कर सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का अनोखा प्रयास किया।

इस अवसर पर कॉलेज की सभी शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने एकजुट होकर सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ पुनः शुरू करने तथा अनुदानित महाविद्यालयों के लिए पोर्टल खोलने की मांग की। छात्राओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बच्चियों की शिक्षा जारी रखने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिक्षिकाओं ने कहा कि महिला शिक्षा को सशक्त बनाने और बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई। इस महत्वपूर्ण योजना को पुनः सुचारू रूप से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्राओं के हित में शीघ्र उचित कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर सभी ने कहा है कि छात्रवृत्ति न मिलने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्राएं पढ़ाई छोड़ने के कगार पर हैं। ऐसी स्थिति में झारखंड सरकार इस योजना को पुनः बहाल करें और छात्राओं के भविष्य की ओर ध्यान दें।





