पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह पाकुड़ विधानसभा नेता डॉ. तनवीर आलम ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने टोटो चालकों, महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर तत्काल समाधान का प्रयास किया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों और अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बेलाल शेख के नेतृत्व में पहुंचे नए सदस्यों का डॉ. तनवीर आलम ने माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और गांव-पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूती मिलेगी। डॉ. तनवीर आलम ने कहा, “मैं या मेरा परिवार बोलने में नहीं, काम करने में विश्वास रखता है। सेवा ही हमारा लक्ष्य है।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले उनके परिवार ने क्षेत्र में जनता के बीच रहकर काम किया, उसी परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और नेताओं के आदर्शों से प्रभावित होकर युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आगे बढ़ने पर जोर दिया गया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मंसरुल हक, वरिष्ठ नेता सेमिनल इस्लाम, गुलाम अहमद, पियारूल इस्लाम, ओबीसी जिला अध्यक्ष अमीर हमजा, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोवर आलम, सफीक आलम, मोनिता कुमारी, महिला जिला अध्यक्ष शहनाज बेगम, मिथुन मरांडी, असद हुसैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।








