Search

October 8, 2026 9:56 pm

न्यायालय परिसर में कथित दलाली पर बवाल, अधिवक्ताओं और सपन प्रमाणिक में नोकझोंक

अधिवक्ताओं ने अनधिकृत लोगों पर लोगों से पैसे लेने का लगाया आरोप, सपन ने कहा- समाजसेवा करता हूं

पाकुड़। व्यवहार न्यायालय परिसर में गुरुवार को कथित दलाली को लेकर अधिवक्ताओं और कुछ लोगों के बीच नोकझोंक हो गई। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में अनधिकृत लोगों की गतिविधियों पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता राहुल व्यास ने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुद को अधिवक्ता या अधिवक्ता लिपिक बताकर न्यायालयी काम कराने के नाम पर लोगों से पैसे लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की गतिविधियों से अधिवक्ताओं और अधिवक्ता लिपिकों की छवि खराब हो रही है। उन्होंने अनधिकृत रूप से कानूनी कार्य करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। वरीय अधिवक्ता संजय भगत ने कहा कि मामला पुराना है और न्यायालय परिसर के आसपास कथित दलाली से आम लोगों को परेशानी होती है। अधिवक्ता तारक नाथ चटर्जी ने भी मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

आरोपों पर सपन प्रमाणिक बोले- दलाली नहीं, मानव सेवा करता हूं

वहीं, आरोपों में नाम आने के बाद सपन प्रमाणिक ने सभी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की दलाली नहीं करते, बल्कि मानव सेवा से जुड़े हैं। उन्होंने खुद को ‘पाकुड़ सेवा समिति’ का अध्यक्ष बताते हुए कहा कि न्यायालय परिसर में उनका आना-जाना समाजसेवा के सिलसिले में होता है। मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच से ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर अधिवक्ता अभिनव यादव, आनंद यादव, जितेंद्र ओझा और अधिवक्ता लिपिक सुजीत विद्यार्थी समेत अन्य मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!