प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा। थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा गांव निवासी झामुमो नेता दिनेश मुर्मू (50) का शव गुरुवार को सुरजबेड़ा गांव के समीप धान के खेत से बरामद हुआ। वह 30 सितंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था।
बताया गया कि एक किसान मवेशियों के लिए घास काटने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और मुखिया शिव टुडू समेत पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर एसडीपीओ गौरव कुमार, थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी विवेक कुमार और सिमलोंग ओपी प्रभारी सुखदेव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया।
शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।






