पाकुड़ नगर परिषद में दो करोड़ की सड़क योजनाओं को लेकर चल रहे विवाद में नया सियासी मोड़ आ गया है। एक ओर जहां विपक्षी वार्ड पार्षद योजनाओं में भेदभाव का आरोप लगाकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पुतला फूंका, वहीं दूसरी ओर वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी के नेतृत्व में समर्थकों ने नप कार्यालय के ठीक बाहर जमकर पटाखे फोड़कर जश्न मनाया और बोर्ड के कार्यों का समर्थन किया।
पटाखे फोड़ने के बाद मीडिया से बातचीत में पार्षद अनिकेत गोस्वामी ने आंदोलनकारी पार्षदों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास कार्यों और नई योजनाओं के शिलान्यास की खुशी में यह आतिशबाजी की जा रही है। उन्होंने विपक्षी पार्षदों पर पाकुड़ की जनता को दिग्भ्रमित करने और सस्ती लोकप्रियता के लिए मनगढ़ंत आरोप लगाने का आरोप लगाया।
‘जिनके वार्ड में योजना पास, वे भी धरने पर बैठे’: पार्षद गोस्वामी
अनिकेत गोस्वामी ने धरने पर तंज कसते हुए कहा कि आंदोलन कर रहे लोगों की दोहरी मानसिकता अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि केवल 11 वार्डों को लाभ मिलने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है। सच्चाई यह है कि 14 वार्डों में सड़क योजनाएं पास हुई हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “हास्यास्पद बात यह है कि जिन पार्षदों के वार्डों में (जैसे वार्ड नंबर 17) योजनाएं स्वीकृत हुई हैं, वे खुद धरने पर बैठकर विरोध का नाटक कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कई लोगों को सिर्फ ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाने की आदत हो गई है, जबकि उन्हें खुद यह नहीं पता होता कि उनका असली मुद्दा क्या है।
16वें वित्त आयोग से सभी 21 वार्डों में होगा समग्र विकास
गोस्वामी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर परिषद बोर्ड ने 16वें वित्त आयोग के तहत सभी 21 वार्डों के लिए विकास योजनाएं पारित की हैं, जिनमें सड़क सहित अन्य बुनियादी कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष शबरी पाल व उपाध्यक्ष राणा ओझा के नेतृत्व में विकास की गंगा निर्बाध रूप से बह रही है और आगे भी बहती रहेगी। किसी भी वार्ड की जनता विकास से वंचित नहीं रहेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर परिषद को बदनाम करने और विकास रोकने की यह साजिश कभी सफल नहीं होगी, पाकुड़ की जनता सब समझ चुकी है।






