Search

October 15, 2026 10:17 pm

दुर्गापूजा में अश्लील गाने बजे तो कार्रवाई, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी।

डीसी-एसपी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, विसर्जन का रास्ता बदलने पर रोक; अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर।

पाकुड़। दुर्गापूजा में शांति भंग करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। पूजा पंडालों और जुलूसों में आपत्तिजनक व अश्लील गाने बजाने पर रोक रहेगी। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। बुधवार को डीसी मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट किया।
डीसी ने कहा कि दुर्गापूजा आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है। सभी अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और नियमित गश्ती करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट की निगरानी होगी। आमलोग अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

विसर्जन मार्ग बदलने की अनुमति नहीं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग में बदलाव नहीं होगा। विसर्जन घाटों पर तैनात दंडाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष को लगातार अपडेट देंगे। पूजा पंडालों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ जुलूसों में मेडिकल किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेंगे।

ड्यूटी में लापरवाही पर सख्ती

एसपी अनुदीप सिंह ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने और वरीय अधिकारियों व नियंत्रण कक्ष को सूचित करने को कहा गया। प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!