पारंपरिक नृत्य के जरिए जनजातीय परंपराओं के संरक्षण का दिया संदेश
पाकुड़िया (पाकुड़)। प्रखंड अंतर्गत तलवा स्थित गिरि वनवासी कल्याण परिषद परिसर में शुक्रवार को दसांय नृत्य एवं शास्त्रार्थ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. राजकिशोर हांसदा थे। कार्यक्रम की शुरुआत तलवा चौक स्थित वीर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद आश्रम परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने पारंपरिक दसांय नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर संगठन मंत्री कैलाश उरांव, प्रफुल्ल अकांत, सुशील कुमार, अजय कुमार सिंह, दिलीप शर्मा, सुलेमान मुर्मू और प्रिया अनीता मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, बृजमोहन चौबे, मंडल अध्यक्ष संजीव भगत और प्रखंड प्रमुख कालिदास मरांडी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजन में आश्रम के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच कार्यक्रम ने जनजातीय विरासत के प्रति लोगों की रुचि और जुड़ाव को प्रदर्शित किया।








