पीएम-जनमन योजना से बना पक्का मकान, स्थापना दिवस पखवाड़े में रामचन्द्रपुर में हुआ गृह प्रवेश।
राजकुमार भगत
पाकुड़। वर्षों से पक्के घर का सपना संजोए कविता पहाड़िया के लिए बुधवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। पीएम-जनमन योजना के तहत बने नए आवास में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उन्हें गृह प्रवेश कराया और घर की चाबी सौंपकर सम्मानित किया। प्रेशर कुकर और शॉल भेंटकर नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। पाकुड़ प्रखंड के नरोत्तमपुर पंचायत अंतर्गत रामचन्द्रपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में नए घर की सौगात पाकर कविता पहाड़िया के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिले के सभी प्रखंडों में अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास और पीएम-जनमन योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मौके पर बीडीओ, जिला आवास समन्वयक, पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य मौजूद थे।







