शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर, सितंबर में 1722 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच।
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। प्रखंड के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) की राशि का भुगतान जल्द किया जाएगा। राशि उपलब्ध होने के बाद अब सभी विद्यालयों को भुगतान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शनिवार को प्रखंड परिसर स्थित सभागार में बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव की अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति और मध्याह्न भोजन योजना समेत विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड के सभी विद्यालयों में प्रतिदिन छात्रों की उपस्थिति का एसएमएस किया जा रहा है, जबकि शिक्षकों की उपस्थिति ईवीवी पोर्टल पर दर्ज की जा रही है।
71 प्रतिशत उपस्थिति, 80% तक पहुंचाने का लक्ष्य।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में प्रखंड के विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति 71 प्रतिशत है। इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया।
छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य जांच की भी समीक्षा।
बैठक में जानकारी दी गई कि ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति से संबंधित आंकड़े अपलोड किए जा रहे हैं। वहीं, स्वच्छ विद्यालय पोर्टल पर प्रखंड के सभी विद्यालयों का निबंधन पूरा हो चुका है। सितंबर माह में कुल 1722 बच्चों की स्वास्थ्य जांच भी की गई है। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुधा कुमारी, बीपीओ, बीपीएम सहित सभी सीआरपी, बीआरपी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।





