Search

October 23, 2026 12:19 am

धार्मिक स्थल पर दर्शन कराने के बहाने निकली महिला, कुएं में मिले दो मासूमों के शव

दो नाबालिक बच्चों की मौत से मचा हड़कंप, महिला हिरासत में; मोबाइल लोकेशन के आधार पर दुमका और गोड्डा पुलिस ने की तलाश।

पाकुड़/ महेशपुर: दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच लापता हुए दो मासूम बच्चों की तलाश का अंत दर्दनाक घटना के रूप में हुआ। गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा टांड गांव में गुरुवार को एक कुएं से दो नाबालिक बच्चों के शव बरामद किए गए। दोनों बच्चे पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल गांव के रहने वाले थे। मामले में बच्चों के साथ निकली महिला राखी कुमारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

पेट्रोल पंप से दोनों बच्चों को लेकर निकली थी महिला

जानकारी के अनुसार, बलिया डंगाल गांव निवासी विक्रम सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। 19 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी राखी कुमारी, चार वर्षीय बेटे आरब और नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ दुमका आए थे। दुमका नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल भरवाने के दौरान राखी दोनों बच्चों को धार्मिक स्थल पर दर्शन कराने की बात कहकर वहां से निकलीं। इसके बाद महिला और दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चला।

पति की शिकायत पर अपहरण की प्राथमिकी

पत्नी और दोनों बच्चों के वापस नहीं लौटने पर विक्रम सिंह ने दुमका नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान महिला के मोबाइल की लोकेशन गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दुमका पुलिस ने गोड्डा पुलिस के सहयोग से खोजबीन तेज कर दी।

कुएं में शव मिलने से इलाके में सनसनी

जांच के दौरान पोड़ैयाहाट के सलगा टांड गांव स्थित एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर दुमका के एसडीपीओ समेत कई पुलिस पदाधिकारी और गोड्डा पुलिस के अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। मामले में राखी कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, दोनों बच्चों की मौत कैसे हुई और घटना के पीछे क्या कारण है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है। दो मासूम बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब पुलिस जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं कि आखिर दोनों बच्चों के साथ क्या हुआ और इस दर्दनाक घटना के पीछे की सच्चाई क्या है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!