900 युवक-युवतियों ने लिया हिस्सा, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र।
पाकुड़। बाजार समिति परिसर में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले में नौकरी की तलाश कर रहे युवक-युवतियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। मेले में करीब 900 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 145 का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 183 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिला। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, आईटीडीए के परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का, जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, पणन सचिव संजय कच्छप तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान चयनित युवक-युवतियों के बीच उपायुक्त ने नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि बदलते औद्योगिक और तकनीकी परिवेश में युवाओं के लिए कौशल विकास बेहद जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर और मशीन आधारित तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल से रोजगार के नए क्षेत्र विकसित हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ तकनीकी दक्षता भी बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को अलग-अलग नियोजन एजेंसियों से सीधे जुड़ने और रोजगार की संभावनाओं को समझने का बेहतर मंच उपलब्ध कराता है।
उपायुक्त ने युवाओं से जिले के बाहर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में आने वाली चुनौतियों से निराश होने के बजाय धैर्य और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही नियोजन विभाग को निर्देश दिया कि मेले में चयनित अभ्यर्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए और कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं के समाधान में भी सहयोग दिया जाए।आईटीडीए के परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए। वहीं जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने युवाओं से अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप नियोजन एजेंसियों के स्टॉल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी लेकर आवेदन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न नियोजन एजेंसियों के स्टॉल का निरीक्षण किया। एजेंसी प्रतिनिधियों से रिक्त पदों, शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसियों से स्थानीय प्रतिभाशाली युवाओं को अधिक से अधिक अवसर देने पर जोर दिया। मौके पर जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया सहित अन्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद थे।








