Search

October 30, 2026 10:54 pm

22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान,18,068 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य।

अभियान की सफलता को लेकर सहियाओं को दिया गया प्रशिक्षण, घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने की मिलेगी जिम्मेदारी।

पाकुड़िया। प्रखंड में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आगामी 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले विशेष पल्स पोलियो अभियान (एसएनआईडी) के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया के सहिया सभागार में सहियाओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता चिकित्सा प्रभारी डॉ. अभय श्राफ ने की। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी ने सहियाओं को अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। अभियान के तहत प्रथम दिन 22 नवंबर को निर्धारित पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। वहीं, 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहियाओं की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर नहीं पहुंचने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने पाकुड़िया प्रखंड में कुल 18,068 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रशिक्षण के दौरान अभियान की कार्ययोजना, बूथ संचालन और घर-घर भ्रमण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी सहियाओं को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया। मौके पर डॉ. भारत भूषण भगत, डॉ. मंजर आलम, प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रभात दास, कार्यक्रम प्रबंधक मृत्युंजय कुमार, जोगेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में सहियाएं उपस्थित थीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!