Search

October 30, 2026 10:53 pm

नशे में डूबे युवाओं से विकसित भारत का सपना नहीं हो सकता साकार : धनेश्वर कुमार साहा

मॉडल प्लस टू विद्यालय में अड़ोस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लिट्टीपाड़ा मॉडल प्लस टू विद्यालय में अड़ोस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनेश्वर कुमार साहा ने कहा कि नशे के सहारे विकसित भारत का सपना कभी साकार नहीं हो सकता। जिस देश की युवा शक्ति नशे की गिरफ्त में होगी, उसकी प्रगति की कल्पना करना मुश्किल है। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे में युवाओं को शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बनाकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देनी होगी। उन्होंने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे के कारण युवाओं की क्षमता और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में लगाने की अपील की। साथ ही गांव और पंचायत स्तर पर नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में समाजसेवी साहेब हांसदा, मोतीलाल, जिला युवा अधिकारी सौरभ पांडेय, विद्यालय के प्राचार्य फ्रैंक कुमार मुर्मू, नूर आलम, चंदन और करण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक कर नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!