सखी मंडल की दीदियां संभालेंगी कारोबार, दुग्ध उत्पादों की बिक्री से बढ़ेगी आमदनी।
पाकुड़। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पाकुड़ जिले में पांच मेधा मिल्क पार्लर का शुभारंभ किया गया। इन पार्लरों का संचालन सखी मंडल की दीदियां करेंगी, जिससे उन्हें अपना कारोबार शुरू करने और नियमित आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन, JSLPS और झारखंड मिल्क फेडरेशन (मेधा डेयरी) के संयुक्त प्रयास से शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराना है। उद्घाटन कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, JSLPS के जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला गव्य विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि मेधा मिल्क पार्लर के माध्यम से सखी मंडल की दीदियां आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकेंगी। यह पहल महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका को भी सुदृढ़ करेगी। उन्होंने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पांच मेधा मिल्क पार्लर शुरू होने से एक ओर महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर जिले के लोगों को ताजे और गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे। जिला प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में नई राह खुली है।







