रंगोली के जरिए सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार, बालिकाओं की शिक्षा और बच्चों के अधिकारों की रक्षा का दिया संदेश।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से खत्म करने के लिए महेशपुर में बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। गड़बाड़ी विद्यालय में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई, वहीं रंगोली के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कानूनन प्रतिबंधित है। बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन करने के साथ उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर असर डालता है। वहीं बाल श्रम बच्चों से उनका बचपन छीनकर उन्हें शिक्षा और बेहतर जीवन के अवसरों से वंचित करता है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों से बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने, बच्चों को बाल श्रम से मुक्त रखने और ऐसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई। छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह और बाल श्रम को समाप्त करने का संकल्प लिया। जागरूकता संदेशों से सजी रंगोली कार्यक्रम का आकर्षण रही। इस अवसर पर सीडीपीओ नीलू रानी, परियोजना प्रभारी उज्ज्वल सरकार, प्रधानाध्यापक इलिजावेथ, महिला पर्यवेक्षिका सुचिता संगा, प्रतिभा प्रधान, प्रतिमा प्रधान, प्रकाश घोष, मिनति साहा, आदित्य टुडू, सलमान, गोलक सिंह, प्रशांत मंडल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।







