Search

November 21, 2026 9:10 pm

बारिश ने किसानों को दोहरी मार में डाला, कहीं रबी की उम्मीद जगी तो कहीं धान पर आफत।

दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से बदले खेती के हालात, पूर्वी क्षेत्र के किसान खुश तो पश्चिमी इलाके के किसानों की बढ़ी चिंता

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): दो दिनों की बारिश ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड में खेती की तस्वीर बदल दी है। कहीं आसमान से बरसी बूंदें किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आई हैं, तो कहीं यही बारिश उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा बन गई है। पूर्वी क्षेत्र में रबी फसलों की बुआई के लिए बारिश वरदान साबित हो रही है, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में खेतों में पड़ी कटी धान की फसल किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। प्रखंड के पूर्वी इलाके में अधिकांश किसान धान की कटाई पूरी कर चुके हैं। कई किसानों ने खाली खेतों में गेहूं, सरसों और चना समेत अन्य रबी फसलों की बुआई शुरू कर दी है। ऐसे में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने खेतों में नमी बढ़ा दी है। इससे रबी फसलों के बेहतर अंकुरण और अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है। किसान इस बारिश को अगली फसल के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। इसके विपरीत पश्चिमी क्षेत्र के किसानों के लिए मौसम की बेरुखी परेशानी का कारण बन गई है। यहां कई किसानों ने धान की कटाई तो कर ली है, लेकिन फसल अब भी खेतों में पड़ी है। लगातार बारिश से धान भीग रहा है। मौसम का यही मिजाज बना रहा तो धान के दाने खराब होने, फसल में सड़न आने और उपज की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। एक ही बारिश ने प्रखंड के किसानों के सामने दो तरह की परिस्थितियां खड़ी कर दी हैं। रबी की खेती करने वाले किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं धान की कटी फसल खेतों में छोड़ने वाले किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। अब किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं कि बारिश थमे, ताकि खेतों में पड़ी धान की फसल को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!