पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर में गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विशेष प्रार्थना सभा में प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने गुरु नानक देव जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी तीन प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का महत्व बताया गया। बच्चों को ईमानदारी से मेहनत करने, जरूरतमंदों की मदद करने और सभी के साथ समानता व प्रेम का व्यवहार करने की सीख दी गई। प्राचार्य डॉ. चक्रवर्ती ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता, सेवा, सत्य और भाईचारे की मिसाल है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को भेदभाव से मुक्त होकर एकजुट रहने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने व्यवहार में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को मजबूत करना रहा।







